प्रखंड के सुदूरवर्ती घुटवे गांव में किया निरीक्षण
Jamui , जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा गुरुवार को आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण करने घुटवे गांव पहुंची। वहां जब वे लोगों की समस्याओं से अवगत होने के लिए सीधे तौर पर जुड़ी तो जनकल्याणकारी योजनाओं की पोल खुलकर रह गई। खासकर आवास सर्वेक्षण एवं जनवितरण में काफी धांधली सामने आया। जब आवास सर्वे का सर्वेक्षण करने गरीबों के घर तक पहुंची तो वे इस बात को देखकर अचंभित हो गई कि उनका सर्वेक्षण ही नहीं हुआ है। साथ ही कई जगहों पर अवैध वसूली की बात भी आई।
इन सब चीजों को देखकर जिलाधिकारी बुरी तरह बिफर गई। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जो भी लोग इसमें दोषी पाए जाएंगे उनपर सीधे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सर्वे कार्य के जारी रहने के बावजूद अबतक गरीबों के घरों का सर्वे नहीं हो पाना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे यह साबित हो रहा है कि सर्वे का कार्य सही तरीके से नहीं किया जा राह है।
वहीं इस दौरान उन्होंने कई गरीब परिवारों का नाम तत्काल सर्वे सूची में दर्ज करने का निर्देश दिया। वहीं इस क्रम में उन्होंने आवास सहायक से किए गए सर्वे की सूची मांगी तो वह देने में असमर्थ रहा। जिसपर उन्हेंने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सर्वे कार्य में जो भी कर्मी शामिल हैं उनपर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि इस बात का विशेष ध्यान दें कि जॉब कार्ड के बिना किसी भी पात्र लाभुक सर्वे से वंचित नहीं हो जाए। उन्होंने मनरेगा पीओ संजय कुमार झा को सभी योग्य लाभुकों के जॉब कार्ड तत्काल बनाने के निर्देश भी दिए।
चकाई से विकाश कुमार लहेरी की रिपोर्ट