जमुई जिले के झाझा रेलवे स्टेशन पर एक गर्भवती महिला लाचार हालत में पुलिस को मिली। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति उसे झूठ बोलकर मुंबई से ट्रेन में बैठाकर झाझा लाया और फिर उसे स्टेशन पर अकेला छोड़कर फरार हो गया। महिला की पहचान चरका पत्थर थाना क्षेत्र के पानीचुआ गांव निवासी राजेश यादव की पत्नी सरिता देवी के रूप में हुई है।
सरिता आठ महीने की गर्भवती है और उसका एक पांच साल का बेटा है, जो फिलहाल पति के साथ है। सरिता ने बताया कि उसकी शादी आठ साल पहले राजेश यादव से हुई थी। पहले वे सूरत में रहते थे, फिर मुंबई चले गए। मुंबई में रहने के दौरान राजेश का एक अन्य महिला से प्रेम संबंध हो गया, जिससे वह शादी करना चाहता था। इसी कारण वह आए दिन शराब के नशे में सरिता के साथ मारपीट करता था।

सरिता ने बताया कि उसका पति उसे मायके छोड़ने के बहाने मुंबई से ट्रेन में बैठाकर लाया। खुद दूसरी बोगी में चढ़ गया और बाद में उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। जब सरिता झाझा स्टेशन पर उतरी तो राजेश उससे मिला, लेकिन साथ चलने की जिद करने पर धमकी दी कि ‘ज्यादा बोलोगी तो पटरी पर डाल दूंगा’, और मारपीट करते हुए स्टेशन पर छोड़कर भाग गया। महिला ने अपनी सास पर भी बेटे का साथ देने का आरोप लगाया है। सरिता के माता-पिता का देहांत हो चुका है और उसका अपने सौतेले भाई-बहनों से कोई संपर्क नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने सरिता देवी को झाझा स्थित एक निजी वृद्ध आश्रम में आश्रय दिलाया है और मामले की सूचना चरका पत्थर थाना को दे दी गई है। वहीं इस मामले में चरका पत्थर थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि इस मामले की जानकारी झाझा थाना द्वारा दी गई है, महिला के ससुराल के बारे में पता लगाया गया, जहां उसकी केवल सास रहती है। अभी इस मामले में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.