जमुई, चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चकाई देवघर मुख्य मार्ग पर अंडीडीह गांव के समीप अज्ञात जेसीबी की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सोमू साह थाना क्षेत्र के माधोपुर बाजार का निवासी है। वह कपड़े का व्यवसायी है तथा माधोपुर बाजार में शोभा श्री नाम से कपड़े की दुकान है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सोमू कुछ जरूरी सामान लाने चकाई बाजार गया था। वापस घर लौटने के क्रम में वह अंडीडीह के समीप विपरीत दिशा की ओर से आ रही एक जेसीबी की चपेट में आ गया। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चेहरा, माथे एवं शरीर के अन्य भागों में गहरी चोट आई है।
इधर घटना के बाद किसी ने मामले की सूचना चंद्रमंडीह पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं उसे इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे देवघर रेफर कर दिया गया। इधर गंभीर स्थित को देखते हुए उसे देवघर से भी बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने कोलकाता रेफर कर दिया।
चकाई से विकाश कुमार लहेरी की रिपोर्ट